हिन्दी कविताएँ : जयचन्द प्रजापति 'जय'

Hindi Poetry : Jaychand Prajapati Jay


एक नाबालिक लड़की

एक नाबालिक लड़की अपनी मां से निवेदन करती है, मां, मेरा ब्याह कर दो अब बड़ी हो गयी हूं खाना बना लूंगी सास ससुर की खूब देखभाल करूंगी कोई शिकायत नहीं आयेगी। अब तुम्हारा दुख देखा नहीं जाता अब तुम्हे अपनी चिंता से मुक्त करना चाहती हूं तुम फटी साड़ी में जब बाहर जाती हो तुम्हारे चेहरे की झांइयां आंखों का पीलापन बिल्कुल दुबली सी दिखती हो जब कोई काम नहीं मिलता सड़कों पर हाथ फैलाते देखती हूं तुम्हारे होंठों की पपड़ी मेरे लिये दो रोटी की जुगाड़ करती हो मेरे लिए तुम डांट सहती हो कोई गड़बड़ी होती है जब मालिक तुम्हारे उपर गंदी नजर फेरता है जल्दी से ब्याह कर दो कोई गहने नहीं मांगूगी चिंता मत करना मां पापा होते तो ब्याह के लिये नहीं कहती तुमसे पढने के लिये दूर शहर जाने को कहती अभी दो साल और रुक जा तभी ब्याहना जब अपने पैरों पर खड़ी हो जाऊं पर मां तुमको हंसते हुये देखना चाहती हूं इसलिए ब्याह करना चाहती हूं।

हम फुटपाथ के आदमी हैं

हमारी जिंदगी फुटपाथों से होकर गलियों मे ठोकरें खाते हुए आज यहां, कल वहां रोकर गुजर जाती है अगले दिन चालू होता है फिर ये लिपटी सी जिंदगी फटी चादर में लाचारी का चादर ओढ़े कई दिन बीत जाते हैं बिन नहाए धोए ये लम्बे लम्बे बाल कई साल गुजर जाते हैं नाई के पास गए पढ़ना चाहता था पर अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहा हूं बेच रहा हूं ये मासूम जिंदगी टुकड़ों-टुकड़ों में न मिलती रोटी ठीक से आधे पेट में आधी रात तक जागता हूं रोटी की तलाश में इसी तरह से गुजर जाती है हम जैसे लोगों की हम फुटपाथ के आदमी हैं हम लोगों की जिंदगी लतियाई हुई है

बचपन

बचपन कितना मजेदार था एक नई दुनिया थी एक नया रंग था घूमती एक दुनिया थी हंसता बचपन था इस मिट्टी में रोशनी थी फुदक फुदककर कुदते थे इस गली में, उस गली में तितलियों की उड़ान की तरह इन हथेलियों में घी चुपड़ी रोटी होती थी दरवाजे पर बैठ कर पिल्ले को पुचकारते थे उन बकरी के बच्चे साथ कूदते थे बछड़े कूदती थी गौरैया आंगन मे दादी के साथ पकौड़ी खाते थे वे दिन याद हैं जब खेतों से मटर की फलियां तोड़ लाते थे बेर के पेड़ो पर डंडियो से तोड़ते थे मजे थे बचपन मे नही चिंता थी दो जून की रोटी की खिलौने के साथ दिन गुजर जाता था

एक उदास जज

एक उदास जज को मैं देखा सब सुविधाएं हैं अच्छी सी तनख्वाह है। नौकर चाकर एक खूबसूरत पत्नी एक शानदार बंगला है। मैंने पूछा, आप फिर भी चिंतित हैं चेहरे की लालिमा फीकी है इस तरह व्यथा से युक्त जीवन देखकर मैं हैरान हो गया। जज बोला, जिस न्याय करने का इतना तनख्वाह लेता हूं। इस अन्याय के बाजार में मेरा न्याय दब गया है। मेरा न्याय अपंग सा हो गया है यही सोंचकर मैं उदास हूं।

वे दौर थे पहली कक्षा का

वे दौर थे पहली कक्षा का तख्तियां लेकर सरकारी स्कूल में बोरी का झोला लिए जाते थे पढ़ने टाटपट्टी पर बैठते थे कालिख से पोतकर तख्तियां ले जाते थे पूरे चेहरे पर कालिख लग जाती थी मुंशी जी हम लोगो को पढा़ते थे रटवाया जाता था वर्णमाला गिनती, पहाड़ा तख्तियों पर दूधिया से नरकट की कलम से लिखते थे मुंशी जी बहुत मारते थे गलत लिखने पर रामू को मारे थे एक डंडा पेशाब कर दिया था बिना चप्पल के फटा शर्ट पहनकर फटी चड्डी में नाक बहती रहती थी हाथ से पोंछ लेते थे लंच के लिए अचार रोटी ले जाते थे टोंटी से हथेलियों से पी जाते थे आधा लीटर पानी जब किसी की चाक चुरा लेते थे किसी की कलम मारामारी हो जाती थी डर के मारे पेट में दर्द का बहाना बनाकर कई दिन स्कूल नहीं जाते थे वे दौर थे पहली कक्षा का

हँसने दो

माँ मैं माँ नहीं बनना चाहती अभी खेलना चाहती हूँ लुकाछिपी का खेल करना चाहती हूँ ठिठोली उड़ना चाहती हूँ सपनों का पंख लगाकर यह लिपस्टिक ये चूड़िया ये बालियाँ घूँघरू पायल क्यों खरीद रही हो? नहीं चाहिये नथुनी और झुमका क्या तुम मेरा हँसना नहीं देखना चाहती हो? नहीं कैद होना चाहती पति के जेल में माँ लौटा दे इन श्रृंगारों को अभी हँसना चाहती हूँ खूब उड़ना चाहती हूँ हँसने दो अभी माँ

पीढ़ियाँ

वे बच्चे इंतजार करते हैं जिनके पापा शहरों में रहते हैं बड़ी आशा लिये खड़े होकर टीले पर से ताकते रहते हैं पैसा आयेगा नया कपड़ा लूँगा मेला देखने जाऊँगा प्रबल भावनाएं लिये बड़ी तीव्रता से इंतजार में रहते हैं गाँव के कोने में डरे हुये किसी की जमीन पर टूटी झोपड़ी में रहते हैं उन्हें पापा का सहारा नजर आता है माँ बच्चों के सहारे जीती है पापा दोनों के लिये जीता है इसी तरह से वहाँ कई पीढ़ियाँ गुजर रहीं हैं

वह मजदूर

वह मजदूर कठिन परिश्रम से बना रहा है देश को नव पथ को नये रूप में ढाल रहा है फिर भी जीता है फटी जिन्दगी हर साल मनाया जाता है मजदूर दिवस नये नये वादे वोट के लिये गढ़ दिये जाते हैं लालच का पुलिंदा झुनझुने की तरह थमा दिये जाते हैं कब बदलेगी तस्वीर उनके जीवन की कब तक वोट के लिये घिनौना राजनीति होगी या उसकी विवशता पर चाबुक गिरता रहेगा

हम वेश्या हैं

हम वेश्या हैं हमें ले चलो जैसा चाहे वैसा नोचों लील लो चाहे मुझे बिकती हूँ रोज होती हूँ शिकार शोषण का जी रही हूँ जिल्लत भरी जिन्दगी हमारा कोई समाज नहीं कोई अस्तित्व नहीं कोई परिवार नहीं ढकेली जाती हूँ इस गंदे धंधे में पुरूष मानसिकता ने जन्म दिया इस धन्धे को बहुत ढूँढा नहीं मिला कहीं भी पुरूष वेश्यालय बार बार सोचती हूँ चिंतित हो जाती हूँ

छेड़छाड़ का दंश

जब घर से निकलती है एक औरत घूरना शुरू हो जाता है पुरूषों द्वारा नियत पुरूषों की ताकती है उसके गदराये बदन को नजरों से पी जाने की हौंसले उड़ान भरने लगती है बाजार पहुंचते ही कई पुरूषों द्वारा छू ली जाती हैं भीड़ में कोई कमर छू लेता है कोई सट कर खड़ा मिलता है बसों में जाती औरत भीड़ में कई मर्दो द्वारा कई बार छेड़ी जाती है मजबूर औरत सिर्फ सहकर रह जाती है कोई स्थान नहीं है औरत मर्दों की शिकार न हुई हो कमोबेश हर औरत इसी तरह शिकार होती है कभी- कभी मार्केट जाती माँ और बेटी एक साथ छेड़छाड़ हो जाता है घर में कई दिन माँ बेटी की नहीं मिल पाती है नजरें कभी-कभी छेड़छाड़ की शिकार लड़की आत्महत्या कर लेती है विरोध करने पर मौत के मुंह में डाल दी जाती हैं

मुझे अनाथालय नहीं जाना है

कई सालों से मेरा एक सपना था मैं एक अच्छा सा बाप बनूँगा जब सुना पूरी जिंदगी की कमाई बेटे को बनाने में लगा दिया वह मुरारीलाल बुढ़ापे में अनाथालय में है बाप बनने का सपना छोड़ दिया मुझे अनाथालय नहीं जाना है

नारी की वेदना

नारी की वेदना सहनशीलता से भरी होती है। वह सह लेती हर दु:ख की घड़ी। बड़ी साहसी होती है उदारता की मूर्ति होती है हौंसलों की उड़ान भुजाओं में समेटे हुए रात दिन दु:ख सहकर अपने बच्चों को रोने नहीं देती है। माँ की ममता लिए हर वेदना को वह जहर का घूंट समझ कर पी लेती है। वह हर धूप को छांव में बदल देती है।

क्या मेरी कीमत नही है?

रामू की पत्नी हर बार लेती है पैसा रामू से हर बार प्यार के लिए पत्नी को बेवफा कहता है रामू वेवजह उसे पत्नी ने दबी जुबां से बोली कोठे पर हर बार के लिए हर बार कीमत लगाते हो मैं मांगती हूँ पैसा तो बेवफा कहते हो क्या मेरी कीमत नहीं है इस घर में जो कीमत नहीं लगाते हो

मां

मां मेरी परेशानियों में हर वक्त सुरक्षा कवच की तरह है जीवन में एक मां कोमल भावनाओं से भरती है ममता की मूर्ति होती है मां अपने बच्चो को भूखों नहीं सोने देती है मां ममता की छाया है मां स्नेह, करुणा की सागर है मां है सारी खुशी है

नारी

आज नारी बन गई है सबकी दुलारी झंडा फहरा रही है नभ में नारी को कौन कहता है अबला नारी है नारी तूने साबित कर दिखाया है नारी विजय पताका है चांद मंगल पर पहुंचकर दिखाया है सबको लोहा मनवाया

गांव का भोला भाला

गांव का भोला भाला एक दिन शहर आया शहर की आबोहवा उसको भाया नरम रवैया देखकर कुछ दिन यूं ही सड़क पर रात बिताया कुछ ने हमदर्दी दिखाया कुछ ने आत्मीयता दिखाया कुछ ने एक नजर न देखा कुछ ने अकड़ दिखाया कुछ तो भड़क गये जब कुछ मदद मांगी कुछ तो गंवार कहकर अपमानित शब्दों की बौछार की कुछ ने मारापीटा इस शहर की खुन्नस भाव देखकर फिर गांव भागा गांव में इतना अपमान नहीं मिलता गांव की खुली हवा गांव की मस्ती, अल्हणपन हरी भरी धरती हंसता सारा खेत सिवान फूलों की खुशबू सा प्यारा गांव

दादा जी

दादा जी बहुत याद आते हो जब हमने आपकी दाढी पकड़ी थी झकझोरी थी जब आपके थोथले गालों को धीरे धीरे सहलाते थे जब आप कहानियां सुनाते थे आपके बगल में खटिया पर लेटे रहते थे तब आप हमको कितना चाहते थे बाजार से लाते थे टाफियां और जलेबियां खिलाते थे जब अपनी पीठ पर बैठाते थे तोतली आवाज में कितना प्यार लुटाते थे मम्मी जब मारती थी दौड़कर मुझे गोद में ले लेते थे पेड़ों की डालियों पर बैठाते थे झूला झूलाते थे आपका जाना मेरे ह्रदय में शूल की तरह चुभना है बहुत यादें हैं आपके साथ जो भूलता नहीं है

दादी जी

दादी जी तुम कितनी प्यारी थी जब तुम अपने हिस्से के दूध से हमें दे देती थी अपने हाथों से दूध भात खिलाती थी मैं पानी से भिगो लेता था स्वयं को तब मेरे कपड़े बदलती थी कपड़े में लगे मिट्टी झाड़ती थी शाम होने पर हाथ मुंह धुलाती थी पानी पोंछकर अपने पल्लू से रात में लोरियां सुनाती थी पड़ोस से मिली मिठाई खुद न खाकर मेरे लिये रख देती थी दादी तुम अच्छी थी आज भी उतनी अच्छी लगती हो मेरे सपने में आती हो सचमुच दादी तुम

आदिवासी बच्चियां

ठंड में भी कम वस्त्र में आदिवासी बच्चियां टहनियां बीन लाती हैं बगीचे से खाना पकाने के लिये वह ईंधन की व्यवस्था करती हैं सहती हैं हर मार प्रकृति की फिर भी नहीं टूटती हैं बच्चियां मुश्कराते हुये सुअर चरानें जाती हैं भयंकर ठंड में भी हंसती मिलती हैं ये बच्चियां फटे पतले कपडों में बाग से फल लाती हैं खेतों में गिरे दाने भी वह बीनते नजर आती हैं कभी-कभी किसी के घर मिल जाती हैं काम करते कुछ पोटली में लिये हुये मुश्कराते हुये मां के साथ बाल मनुहार करने लगती हैं ये बच्चियां किसी से विवाद नहीं करती हैं किसी की तीखी बातों का हंस के सुन लेती हैं ये प्यारी आदिवासी बच्चियां

मैं भागकर शादी कर ली

मैं भागकर शादी कर ली कोई गुनाह नहीं की माँ बाप कमा पाते थे रात को इतना खाना मिलता था बिना पेट भरे पानी पीकर भर जाती थी पेट देखा नहीं जा रहा था माँ बाप की परेशानियां शादी कर ली भागकर माँ बाप का बोझ कम कर दी उस लड़के ने कहा शादी कर लो माँ बाप का बोझ मैं उठा लूंगा गरीबी में तुमने अन्त:वस्त्र कभी न खरीद सकी फटे वस्त्रों में तुम्हारा रुप धूमिल सा हो गया है मैंने भागकर इसलिए शादी कर ली कोई गुनाह नहीं की दो वक्त की रोटी नसीब कर ली माँ बाप का बोझ कम कर दी समाज की गंदी निगाहें अब घूरेगी नहीं

चंदामामा जी

चंदामामा जी रातों को जब आते हो हमको चाँदनी रात दिलाते हो आपका खूबसूरत मुखड़ा सच्ची राह दिखाते हो रात के राजा सबकेआँखों के तारा किससे मिलने आते हो? इतने सजधज के धवल कीर्ति लिये आँखों को मचलाते हो तुम ना बतलाओ लेकिन तुम चंदामामी से रात-रात फुसुर-फुसुर बतियाते हो

फूल

तुम कितने अच्छे हो भोली भाली सूरत लिये किसका हार बनोंगे? रात में जब खिलते हो होठों सी मुश्कान लिये खुशबू बिखेरते हो कोमल हो कितनी एक दिन मेरे घर आना मेरी प्रेयसी का गजरा बन जाना

सुनो हवा

सुनो हवा, कितने दिनों से झेल रहा हूँ विरह-वेदना को जलता बदन सूखी जिह्वा सूख गये होंठ तन-मन बना बावरा उस प्रियतमा की याद में सहें हैं भूख प्यास तू देख रही है मेरी दशा सुनो हवा! जाना तुम उसके पास खेल रही होगी कहीं बागों में आमों की डाली पर होगी बैठी इतरा रही होगी मदमस्त बेला में कोयल की आवाज से मिलाती सुर होगी हाथों में मेंहदी लगाये होंठों में लिये लालिमा चन्दा सा मुखमंडल लिये खुश होगी सुधि नहीं होगी या पीली चूनर ओढ़े झूल रही होगी सावन के झूले जाकर कहना उससे मेरी कथा बताना पड़ा है व्यथा में सूख गये हैं ये अश्रु जहां-तहां डूबा है तेरे प्रेम में ले-ले सुधि उसकी भी कहना मेरा हाल समझाना जी भर के मेरी तड़प बताना नींद उड़ी है जबसे मिलना बंद की हो कट नहीं रही तन्हाई बन जोगी राह निहारे मेरी कसम है भूल न जाना ये हवा, मेरा संदेश देना तुम तुमको खुशबू से भर दूँगा तेरी रंगत में सारा जहाँ कर दूँगा

प्रेमिका की मौत

मेरे और उसके बीच प्रेम गहराइयों तक भरा था रात दिन समाया था एक दूसरे में हर दिन किसी सावन से कम नहीं झूमता मन मुश्काराता जिस्म इन पहाड़ों की ओट में बादलों के झुण्ड में बागों के बीच में खुश था महकता खुशबू था जीते थे एक दूसरे के नैनों के सहारे बाहों में बाह हाथों में हाथ लिये कई सालों तक हम दोनों ने गुजारे थे मस्तियों की लौ जलती रही तेरी जुल्फों का लहराना चेहरे की सादगी तेरी गंभीरता ने दिवाना बनाया था बिक चुका था इन्हीं अदाओं पर नहीं भूले हैं उन झरनों के पास बीते क्षण भुलाये नहीं जाते आखिर तुम्हारी मौत नें मुझे मार डाला जीते जी तुम्हारा जाना मेरे हृदय का जाना है है कोई मेरी तड़प देखने वाला जो दे तुम्हारे जैसा प्रेम दे तुम्हारे जैसा रौनक मेरी जैसे भुजायें काट दी गई हो मेरी जिह्वा अलग कर दी गई हो मेरी रूह तड़प रही है तुम्हारे याद में

श्रृंगार रस की कविता की ताकत

मेरी श्रृंगार रस की कविता सुनकर एक युवती पिघल गई घर बार छोड़कर मेरे घर आ गई आपकी कविता मुझको भा गई मन समर्पित,तन समर्पित आप सादर स्वीकार करें मैं कई कवियों को ठुकरा के आई हूँ मेरे नयन मेरे होठों की नरमी से आपकी श्रृंगार रस की कविता परिपक्व होगी कहाँ से आई मुसीबत मैं तो काका की कविता चुरा के सुनाई थी बड़ी ढीठ थी वह मेरे करीब बैठ गई थी नयनों से घूर रही थी श्रृंगार रस मुझे पिला रही थी अब समझा श्रृंगार रस की कविता की ताकत मेरा घर बार उजाड़ रही थी

बन गया कवि

घर बार बेंचकर पत्नी मायके भेजकर बन गया कवि विरह वेदना में लगा जलनें वियोग का बना कवि किसी कविता पर एक फूटी कौड़ी न मिली जूता फटा है मोजा फटा है तीन दिन से भूखा सो रहा हूँ सारा नशा गया उतर कवि नहीं बनूँगा यह धंधा बहुत खोटा है कवि खुद मरा है दूसरों को क्या उबारेगा

उठो

उठो समय आया है नव नभ में उड़ने की नयी बेला में नव उपवन में लिखो नया सबेरा नई किरण नई आशा का नव संचार करो कहते जाओ बहते जाओ धीर धरो लग जाओ मंजिल पाने में मेहनत करते जाओ रूकना नहीं थकना नहीं टूटना नहीं संबल बनना तुम पा लेना चरम सौन्दर्य को यही अभिलाषा हो

लिखो खत

लिखो खत देश को करो सलाम कहो मैं आता हूँ तेरी सेवा करने जब तक साँस रहे जी भर दम भर लड़ूँगा लिखना सवा सौ करोड़ देशवासियों को करो प्रणाम सबको गिरने न दूँगा झूकने न दूँगा आन बान को नया शान दूँगा लिखना खत माँ को कहना जा रहा हूँ होने बलिदान देश के लिये

मेरी माँ

मेरी माँ उठ सुबह लग जाती कामों में जी भर करती सुबह से शाम तक लगी रहती है चूल्हा चौका में गायों के सानी पानी में साफ सफाई में कपड़े लत्ते में कम सोती है नींद नहीं आती है खेतो खलिहानों में भूसा दाना में पल्लू खोंसे पसीनें में सूखे होंठ लिये करती जाती कहती जाती कहना है उसका कल नया सबेरा आयेगा

सुंदर मन

सुंदर मन बनाना आसान नहीं कड़ी तपस्या मेहनत से एक पवित्र मन बड़े मुश्किल से आता है सुंदर मन के लिये दया,परोपकार से हृदय भरना होगा करूणा का गीत लिखना होगा नये भावों से रंगना होगा चंचल मन को बाँधना होगा तभी पूर्ण होगा सुंदर मन बनाने का कार्य

मजदूर

मजदूर जब मेहनत करता है लिखता है नया इतिहास हाड़ तोड़ मेहनत से लिखता है नई कहानी सुबह से काम करे शाम तक मेहनत ही मेहनत करता जाये यही उसका जीवन बनाता महल अटारी रंगहीन जीवन जीता प्रसन्न मन से करता कर्म सादा जीवन जीता नहीं भरा है मन धोखा किसी के लिये सत्य जीवन अपनाता हर पल

अध्यापक

अध्यापक अपने छात्र को बढ़ते हुये देखना चाहता है नये भावों को भरना चाहता है देखना चाहता है एक लम्बी उड़ान हर पल उसके विकास को देखता है यही उसके जीवन का सच्चा मूल्यांकन है यही जीवन की पूँजी है उसके कार्य की गणना उस दिन महान होती है जब उसका शिष्य किसी महान भूमिका में सफल होता है एक सच्चा अध्यापक सतत विकास पथ पर लिखता है नया कीर्तिमान तब मुस्कराता है अध्यापक

रिक्शा चालक

रिक्शा चालक पसीने से तर बतर बिन खाये पतली छाती है लिये बड़ी तेजी से रिक्शा चलाते मंजिल तक पहुँचाता है कठिन मेहनत करता है सहता है घुड़कियाँ भी पूरी मेहनत का नहीं पाता है पैसा लोग छिनते हैं उसका निवाला कैसे कैसे लोग पड़े हैं लेकिन निष्कपट रिक्शाचालक सहृदय भाव लिये अपने कर्म पथ पर चलता है धैर्य लिये मुस्कान के साथ परिश्रम को अपना पूँजी मानता है यही उसके जीवन की अंतिम इच्छा है

माँ की कीमत

माँ होती है कोमल भाव लिये लड़ती है जीवन भर अपने बच्चे को बनाने में भूख प्यास सब सहती है मजबूती से खड़ी होती है माँ ही नई आशा व उर्जा लिये माँ की कीमत कितनी होती है हर माँ वाला बच्चा जानता है लेकिन असली कीमत माँ की क्या है उनसे पूछिये जिनकी माँ नहीं होती हैं

पर्वत,जो मूक खड़े हैं

पर्वत एक विशाल तन लिये एक अचल मन लिये एक विश्वास के साथ देता है हौंसला हमको मुसीबतों में खिलखिलाकर हंसने की एक चेतना देता है कई थपेड़े सहकर मूक खड़े हैं पर्वत जो अविचलित है जीवन की हर मार सहकर

सर्दी में एक स्त्री

रात के खुले में सड़क की पटरी पर ठंड में एक स्त्री कुछ कपड़ो में ठिठुर रही थी कांपती हुयी उसकी अंगुलियां लड़खड़ाती आवाज में रोकर कहती छोड़ आई घर अपना जहां थी टूटी छतवाला मकान पति की मुफलिसी को ताना मार कर भाग आई उससे भी तंगी में रात के ठंड पहर में बिना निवाले के अब कई रात गुजर रही है अब एहसास है अपना टूटा घर पति की सूखी रोटी उसके हाथों के स्पर्श से जीवन की सच्चाई जो कुछ मिलता था एक संतोष था इज्जत थी किसी की दया की वहां कोई आवश्यकता नहीं थी अब उससे बदतर जी रहीं हूं ठंड से कांपते हुये सूखी रोटी भी नसीब नहीं

एक थे अटल

एक जीवन थे गंभीर व्यक्तित्व सादगी थी पवित्रता का भाव था देशी रंग में भारतीयता से सजा-धजा था एक विचारधारा थे एक खोज थे युगनिर्माता थे भावों से भरे थे सादगी कदम चूमती थी एक लय नवगीत से परिपूर्ण संपूर्णता लिये एक सत्य जीवन जीते थे अटल एक सिपाही थे राजनीति के मैदान में भीष्म पितामह थे जिनके शब्दबाण से नतमस्तक हो जाते थे तमाम विरोधी निपुण सारथी की तरह हमेशा तैयार रहते दुश्मनों को मुंहतोड़ जबाब देने में

एक पूर्ण स्त्री

तुम तो प्रेम में एक कहानी बनाई थी सुंदर सपने थे तुम्हारे साथ रह लूंगी कोई शिकायत नहीं होगी तुम्हे खुश रखूंगी एक फुलवारी की तरह महकाऊंगी तुम्हारा घर मेरा साथ रहेगा उन सब हालातों में मैं समर्पित होकर तुम्हारे साथ रहूंगी आज तुम क्यों टूट रही हो खिल्लियां उड़ा रही हो बिगड़े हालातों पर तुम ताने दे रही हो उसको इस बार तुम्हे साड़ियां नहीं दी कुछ कमियां रह गयी जरूर समय की हालातों में प्रेमवर्षा में कमी रह गयी हो किसी और के घर चली जाना तुम एक पूर्ण स्त्री नहीं बन पाई।

मेरी कवितायें

मेरी कवितायें आह से निकलती हैं खोखलापन नहीं कोई राग द्वेष नहीं सीधे सरल लिबास में मधुर भावना लिये कोमल कहानी जैसे एक सोंधी महक सी चांदनी रात सी एक धवल वसन की तरह कोई आवरण नहीं खुले दरवाजे की तरह होती हैं मेरी कवितायें बिल्कुल निडर योध्दा की तरह

मेरी दृष्टि

मेरी दृष्टि वहां तक जाती है उन बस्तियों तक जिन बस्तियों में झेलता गरीब का तन विवशता से लड़ता लाचारी का दूध पी रहा है पूरा कुनबा सिर्फ वहां रहती है एक रोटी की तलाश क्षुधा शान्त करने की सुबह से शाम तक तरकीब निकाली जाती है अगले दिन का जिनके पास कोई भविष्य नहीं होता है एक जहां अनवरत संघर्ष का दौर होता है

मत सताना

जो मानव हो निर्बल देख उसकी हालत पर मत सताना उनको उनकी आह लगेगी तुम्हे हो सके तो करना उनके लिए कुछ उनका बनना सहारा यही सच्चा जीवन है नहीं सक्षम हो मदद करने में मत देना उसको पीड़ा जो निर्बल हो तन-मन से

देश के नेताओं

कुछ ऐसी चाल चलो खिल जाये चमन बहे मस्त पुरवाई होंठो पर खुशी छलके लाना ऐसी योजना महक-चहक पड़े सूनी गलियां भी चौराहे पर खड़ा आदमी जय-जयकार करे ऐसे नेताओं की जिसमें नहीं है मानव कल्याण क्या करेगा देशसेवा झूठे वादों पर नहीं टिकती राजनीति ऐसी राजनीति अलाव की तरह है जहां सिर्फ राख बचती है सुनों, देश के नेताओं मेरी बात सुनों!

दिव्य पुरुष

जो प्रेम और सत्य लेकर चलते हैं सदा रखते निर्मल मन जात-पात का भेद नहीं रखते मन का गौरव तेज स्नेह तत्वों को गले लगाते मानवता का भाव लिये जन-जन के मन में रहते हैं वे होते हैं दिव्य पुरुष अलौकिक तेज होता है उनमें जो भक्ति का भाव लिए होते हैं वे सदैव अमर होते हैं

वे लोग

वे लोग क्यों गुस्सा करते हैं? एक कड़क आवाज से डराते हैं उन बेजुबानों को अकारण उनसे उलझते है वेहयाई करते हैं उनके साथ जो बिना किसी को सताये साधारण जीवन जीते हैं किसी का नुकसान नहीं करते हैं केवल इंसान बनकर रहना चाहते हैं आखिर वे लोग कैसा इतिहास लिखना चाहते हैं? जो मासूमों के साथ जुर्म करते हैं आखिर क्या फतेह करना चाहते हैं?

ठंड की रात

सर्द हवायें ये भयंकर कोहरा बादलों से घिरा आसमां कुछ परिवारों के लिये किसी कहर से कम नहीं कई दिन बीत रहा है इसी तरह चुपके से ठिठुर कर किसी कोने में रौशन के घर में एक कबंल में रात गुजरती है कांपते हुये मां बाप के बीच में दुबका रहता है नन्हा सा बच्चा बगल में बैठा पिल्ला ठंड से बार बार चिल्ला रहा है इसी तरह से कइयों की बीत रही है रात

ये जिंदगी

ये जिंदगी कितनी खूबसूरत है इस खूबसूरती को पल भर में नशीली दवाओं से बिगाड़ रहे हैं लोग अपने सौंदर्य को जो बनाना चाहते हैं सच में वे लोग जो सच्चे भावों से सादगी को जो धारण करते हैं उनकी जिंदगी सच में खिलने लगती है।

कुतरी जिंदगी

सुनीता ने बड़ी मेहनत से कुछ पैसे जोड़े इस बार एक नई रजाई खरीदी बहुत खुश थी ठंड से इस बार बच जायेगी कई सालों के बाद इस ठंड में वह मुस्काई गरीबी की कहर फिर आई सारे चूहे मिलकर नई रजाई को कई टुकड़ो में कुतर डाली कुतरी रजाई देखकर अपनी जिंदगी को कुतरी जिंदगी कहकर दहाड़े मारकर रोई बेचारी

कर्म सर्वोपरि

जो आलसी होते हैं उदासीन रहते हैं हर पल हर कार्य को बोझ समझते हैं जो रहते है कार्य से दूर जीवन भर रोते हैं नहीं पाते हैं जीवन लक्ष्य वे तब पछताते हैं जब सबसे पीछे रह जाते हैं नहीं कर पाते जीवन में कुछ हाथ मलते रह जाते हैं आगे बढना हो तो आलस छोड़ो कर्म करना सीखो

गुब्बारावाला

रात में एक गुब्बारावाला बेच रहा था गुब्बारा आधी रात थी सड़को पर कुछ ही लोग थे जो आ-जा रहे थे वह इस उम्मीद से इतनी रात में गुब्बारे बेच रहा था कुछ और बिक जायेंगें कुछ सब्जियां ले लेंगें नहीं तो सूखी रोटियां खाकर अगले दिन फिर गुब्बारा बेचना पड़ेगा अगले आधी रात तक।

जिंदगी तुम्हारे बिना

मैं सोंचता हूं तुम बिन यह संसार छोटा दिखता है अकेलापन रहता है तुम जो होते हो दीपक की तरह होते हो मेरे जिंदगी में उजाला भरते हो एक उदासी दूर करते हो जिन्दगी तुम्हारे बिना अधूरी कल्पना मात्र है

अपनापन

अपनापन हर किसी से नहीं हो पाता है जो अपना होता है मन के करीब होता है भावना से भरा होता है संवेदना जन्म लेती है एक साथ रहने की एक पल अलग होना शरीर से किसी अंग का अलग होना बस छिपा होता है एक प्रेम एक अपनापन सा प्रेम एक एहसास छिपा होता है जिससे अपनापन होता है

कोहरे में लिपटी सुबह

कोहरे में लिपटी सुबह थी, हवायें भी सर्द बह रही थी। ठंड से व्याकुल सब थे, पशु-पक्षी भी कांप रहे थे। घना कोहरा चारो ओर छाया था, सूरज भी कोहरे में छिपा था। कोई आग ताप रहा था, कोई थर-थर कांप रहा था। कुछ तो जो बेघर रहा करते थे, घने कोहरे में फुटपाथों पर सोते थे।

थके हारे लोग

जो थके हारे लोग हैं जीवन से अब वो नहीं जीना चाहते हैं मौत के साथ जो अपनी अंतिम कहानी लिखना चाहते हैं जीवन के महासंग्राम में अब हार चुके हैं एक बार फिर कोशिश करें नये सिरे जीवन जीने का भूल जाओ उन बातों को जो बेध रहे हैं तुझे नवजीवन का नवदिवस फिर उजाला भरेगा

एक गरीब लड़की

एक गरीब लड़की जो सड़को पर भीख मांग रही है अस्त-व्यस्त सी है मैले कुचैले कपड़े में निराश चेहरा उदास मन था, मैंने पूछा- तुम इन हालातों में संघर्षों से जूझ रही हो तुम्हारा चेहरा बता रहा है कई दिन से नहाई नहीं हो। अश्रुपूर्ण नैन हो गये उसके स्नान के बाद पहनूंगी क्या? एक ही वस्त्र है जो पहन रखी हूं इसी में मेरा जीवन गुजर रहा है।

छ: मासूम बच्चे

इन छः बच्चों की मां अब इस दुनिया में नहीं है किसी ने हत्या कर दी जो मासूम हैं रात भर ये मासूम बच्चे डर के कारण पिल्ले की तरह एक दूसरे से लिपटे रहे बिना बोले एक दूसरे से एकटक अपलक ताकते रहे सिर्फ मां की मौत का चित्र सिर्फ, सिर्फ मां ही जेहन में थी एक डर और आतंक और खौफ पूरी रात एक दूसरे से दुबके रहे

अनाथ लड़की

एक अनाथ लड़की हो गयी जिसकी मां चली गयी छोड़कर किसी प्रेमी के साथ अपना जीवन बनाने अनाथ लड़की के पिता नहीं थे अब वह लड़की बिन मां की हो गयी है बेटी को असहाय छोड़कर खुद सहारा ढूंढ रही है हाय रे, निर्दयी समाज कितना निर्दयी है मां

जागो तुम

जागो तुम देश के प्रहरी सजग हो जाओ जीवन के सत्य पथ पर चलकर दिखलाओ एक नव ज्योति जलाओ नव सृजन करो नवविहान लाओ नई सदी में नव भाव भरो देर न करो लक्ष्य की ओर बढो एक कीर्ति पताका फहराओ उठो, जागो मेरे प्यारे सपूतों

मदहोश

प्रेम में भीगा है वह प्रियतमा की चाह में उसकी आंखों में प्रेम की जो मदहोशी है एक आलिंगन लेने को हो रहा है आतुर मदहोश सा है प्रेम का मौसम भीग गया है सारा तन-मन यौवन खिला- खिला सा चंदन सा शीतल हो गया है

तुम कहां हो

देखो आकर मेरे अंदर तक झांको मेरे अंदर जो प्रेम की भावना है जल रही हूं मैं प्रेम अग्नि में तुम्हारे प्रेम को दीपक की तरह जलाकर रखी हूं बहुत संभालकर आंधी भी बुझा नहीं सकती मेरे इतने इंतज़ार में भी तुम आये नहीं ये दर्द सहा नहीं जाता आखिर कहां हो तुम

एक स्त्री घर में

एक स्त्री घर में जो खुश दिखाई दे रही है जो हंस रही है यह सब पुरुष के लिये एक अभिनय है अभिनय नहीं करेगी जलालत सहना पड़ेगा सरे बाजार में वस्त्र खींचे जायेंगे पुरुष को खुश करने के लिये सजना, संवरना पड़ता है तह पर तह रखकर यह जिंदगी आह भर रही है बहुत मुश्किल से खुली हवा ले रही है

सब कुछ ठीक है

ठीक नहीं हैं सबकुछ फिर भी बताना पड़ता है हाल-चाल ठीक हैं ठीक से चल रहा है काम घर गृहस्थी ठीक है ठीक-ठाक है सब पड़ोसी भी खुश है मुझसे हवा भी ठीक चल रही है ये कदम भी ठीक चल रहे हैं घर का हर कोना साफ है कोई तकरार नहीं है घर में कायदे से दो रोटी मिल जा रही है घर में कलह इतना है कटी जली रोटियां नसीब नही है जले पर कोई नमक न छिड़के हाल-चाल ठीक बताना पड़ता है

मकर संक्राति

मकर संक्रांति पर्व एक भारतीयता लिये जो जोड़ता है भारतीय रिश्ते को घर-घर में एक नया उत्साह खेतों में हरियाली होती है दान पुण्य करने का यह पर्व होता है बसंत आने का सूचक होता है नव उत्सव होता है मकर संक्रांति का

जानवर और आदमी

जानवर को जानवर काट लेता है जानवर आदमी को भी चुपके से काट लेता है जानवरो में कुछ गुण प्रकृति प्रदत्त होता है। कुछ आदमी आदमी को काट डालता है कुछ आदमी जानवर से भी बड़ा जानवर है आदमी भी जानवर काट लेता है आदमी काटकर खा भी जाता है जानवर तो जानवर है आदमी भी यह पदवी पा लेता है

कोहरा

कोहरे को देखकर डर सा लगता है जब घना सा दिखता कोहरा धुंध में नहीं दिखता कुछ धीरे-धीरे चलते लोग बड़ा मजा मिलता है कोहरे में नहीं दिखता सूरज की लाली इंतजार होता कोहरा छंटने का कोहरा भी सूरज को ढके रहता बेचारा सूरज भी ठिठुरा रहता

कोहरे में

कोहरे में मैं कुछ दूर चला बहुत लोग ठिठुरे हुये मिले कुछ आग तापते मिले कुछ सड़को पर पन्निया बीनते कुछ औरते छोटे-छोटे बच्चों के साथ भीख मांगती हुई सड़को पर बहुत ही कम कपड़ो में कुछ रईसजादियां लड़कियां भी सड़को पर कम कपड़े में दिख रही थी एक विपन्नता में कम कपड़े पहना है एक सम्पन्नता में कम कपड़े पहना है

उषा का आगमन

उषा की आ रही है सवारी नवगीत गा रही मधुबेला नव लय है, नव ताल से सजा है प्रेम रस से भीग रही है उषा कल-कल करती नदियां कलरव करती चिड़िया उषा वधू के स्वागत करने नभ में छाये सारे तारागण मधुमय हुआ है उषा की बेला चंचल सा तन मन हो गया है चिड़ियों के कलरव से गूंजा आसमां उषा की लालिमा से सज गया आसमां

हे पंछी!

हे पंछी! उड़ता चल दूर गगन तक चलता चल बहता जा दूर क्षितिज तक लिखना तुम एक इतिहास यही तुम्हारा जीवन है नहीं थककर हारना है कठिन पर्वत को भी लांघ लेना यही गीत बनेगा तेरा रे पंछी! युग-युग गाथा गाया जायेगा दुनिया होगी नतमस्तक तेरे आगे झुक जायेगा आसमां सारा फूलों की वर्षा करेगा नभ-तारा देना तुम एक संदेश दुनिया को अपने कर्त्तव्य पथ पर चलने को कालखंड से जो टकरायेगा नित-दिन वही गगनचुम्बी इमारत खड़ी करेगा

रात में

रात दस बजे थे इलाहाबाद के पथ पर ठंड में ठिठुरे हुए कुछ बच्चे भीख मांग रहे थे लपकते हर जाने वाली गाड़ी की ओर वे तब तक मांगते जब तक हर गाड़ी चली न जाती सड़के सूनी हो जाती बिल्कुल सुनसान कुछ कुत्ते भौंक रहे होते फुटपाथ पर बैठकर ये बच्चे मिले सिक्के गिनते फिर कुछ खाने के लिये वे सब होटल की तरफ जाते होटल बंद हो गया था बिन खाये होटल के सामने फुटपाथों पर सो जाते

परदेसी का संदेश

हे प्रिये! तुम मुझे अपना समझना किसी और से न हंसना, मुस्काना किसी और के प्रेम में न बंधना एक भरोसे को जिंदा रखना जिससे गृहस्थी चल सके धैर्य मुझमें बना रहे तुम्हारी भोली मुस्कानों पर कई लोग कुर्बान हो जायेंगें तेरे रूप सौंदर्य पर कोई प्रेम पत्र लिखने न पाये किसी से छिपकर मिलना मत अपना दरवाजा सौंपकर आया हूं संभालकर रखना दरवाजे को कोई तोड़ न पाये संस्कारों का ताला ऐसा कदम न बढाना तुम परदेसी तेरा घर आ जाये फिर वही टूटी गृहस्थी का दर्पण होगा हे प्रिये! बांधकर रखना अपने तन-मन को

छात्र का गुण

छात्र को सरलता से युक्त नम्रता का भाव रखना चाहिए मृदु वाणी कंठ से निकले श्रध्दाभाव हो विद्या ग्रहण करने में गुरु के प्रति निर्मल भाव हो कटुवचन न निकले मुख से एकाग्रता हो सीखने में प्रेम, दया भरा हो ह्दय में ऐसा होने पर गुणी होगा वह छात्र यश का साम्राज्य फैलेगा चहुंओर

सत्य

सत्य एक ऐसी ताकत है जो लड़ती है झूठों से सत्य को झूठें घायल कर देते हैं अथाह पीड़ा देते हैं पराजित करने की कोशिश होती है कई दांव-पेंच लगाये जाते हैं छल-कपट की साजिशों में लपेटा जाता है सत्य को निर्भीक,धैर्यवान सत्य इस युद्ध में झूठ को खिसियाते देखता है सत्य हिमालय की तरह अडिग रौंद देता है झूंठ के पुलिंदे को

भरोसा

भरोसा जहां होता है प्रेम की गंगा बह जाती है यह एक पूंजी होती है यह पूंजी कभी खत्म नहीं होती है यह भरोसा एक जीने की कला पैदा करती है आदर्शमय भाव हो जाता है भरोसे में बिन चाभी का ताला होता है कोई कपट की भावना नहीं होती एक होता है सिर्फ भरोसा एक खुला दरवाजा जहां कुंडी की कोई जरुरत नहीं

एक अभागन मां

एक मां अभागन है मौत के मुंह में सो गया उसका लाल अब वह केवल मूर्ति है सिर्फ मां सुबकती है जब अपने बेटे की मूर्ति को वह अभागन मां स्पर्श करती है रोहित वेमुला कोई उत्तर नहीं देता है मां कई प्रश्नों का उत्तर ढूंढती है उस वेमुला से जो संसार छोड़ चुका है गमों का पहाड़ छोड़ गया है मां बिन जबाब पाये अपने घर लौट जाती है वेमुला की बनी मूर्ति से

बसंत का आगमन

बसंत आ गया है झूमते हुये मस्ती में गीत गाते हवा के झोंकों के साथ हिलोरे लेते हुये नभ में एक सुनहरे रूप में पीली सरसो की चुनरी लिये इठलाती, इतराती पतझड़ लिये घर आंगन से होकर खेतों, सिवानों में मस्ती करते हुये बसंत बागों पहुंच गया अपनी प्रेयसी से मिलकर मन भर बतियाया सबको चिढाते हुये फूलों, मटरों को छेड़ते हुये सरसों के फूलों पर लोट गयी मस्ती करते शाम कर दी बसंत खूब आनन्द लिया जलपान करके पगडंडी से निकल पड़ा आया बसंत आया झूम के सबको हरा भरा करके आया बसंत

सरस्वती वन्दना

हे वरदायिनी मां वीणावादिनी मां नव नभ में नव गीत भर दे नव लय नव स्वर भर दे हे ज्ञानदायिनी मां अंधेरा दूर करो मां प्रकाश पुंज लाओ मां दिव्य ज्योति से ज्ञान का कलश भर दो प्रेमरस जग में भर दो हे प्रकाशदायिनी मां तेज धरा पर विखेरो एक नव सुगंध भर दो मधुमय सबका जीवन कर दो हे हंसवाहिनी मां हे वरदायिनी मां वीणावादिनी मां जयचन्द प्रजापति 'जय' प्रयागराज

चाहत

चाहना भी सहज भाव से होता है जिसमें दयालुता,प्रेम,संयम होता है दूर तक ले जाती है मोहिनी छवि बार-बार खींचती है अपने तरफ सच्चा भाव ज्वार की तरह उठता है एक बेचैन कर देने वाला उसका रूप बहुत समय तक सहेजना पड़ता है बहुत दूर तक संभालना पड़ता है वीरान जगह पर मस्ती करने की तीव्रता होती है पाने की सांसों में एक अपनापन छिपा होता है संवेदना समाहित सी होती है दूर गगन तक खुला सा प्रेम इन्द्धनुषी रूप में झलकता है ऐसी चाहत सदियों तक रहती है अमिट छाप कभी खत्म नहीं होती है

नफ़रत छोड़ो

नफरत से नहीं जीत सकते दुनिया नफरत आग होती है जला देती है आपसी प्रेम को नफरत की आग भयंकर होती है प्रेम से नफरत खत्म कर सकते हैं किसी के दिल में बस सकते हैं प्रेम से सारी दुनिया है दुनियादारी बनती है जो ह्रदय में प्रेम जगाते हैं वे महान पुरुष कहलाते है सच्ची रसधारा बहाना है नफरत को छोड़ना है

देश हमारा

देश हमारा कितना प्यारा कितना प्यारा है गगन भारत की शक्ति तिरंगा है तीनों रंगो से सजा है देश मेरा नभ में उड़ते वायु शक्ति दुश्मनों के करते दांत खट्टे हम झुकते नहीं है किसी के सामने हम कायर नहीं है किसी के सामने जान गंवाने की ताकत है जान पे बाजी हम लगाते है दुश्मन कि छाती पर मूंग की दाल दरते हैं किसी को परेशां करते नहीं यही हमारी सैन्य शक्ति की पहचान है यही हमारी वीरता की शान है सच्चे मन से हम देशसेवा करते है

सभ्यता

सभ्यता एक ऐसी ताकत होती है सभ्यता से नवीनता आती है जहां एक संयम, संस्कार आते है जहां युगों-युगों तक जीवन देती है हमें जो भूल जाते हैं अपनी सभ्यता वे पीछे कई साल चले जाते हैं उनकी उन्नति लड़खड़ा जाती है् होता है उनका न्यनतम् स्तर जिसकी सभ्यता जितनी मजबूत होती है उनकी सांस्कृतिक जड़े गहरी होती हैं जो एक क्षितिज का निर्माण करती हैं वहां सांस्कृतिक इमारत खड़ी होती है

रोटियां

जब भूखा होता है व्यक्ति उसकी एक भूख मिट जाती है जब रोटियां जाती है अंदर एक मिलती है तृप्ति एक रोटी ही होती है जो होठों पर मुस्कान देती है रोटी संघर्ष की कहानी भी लिखती है रोटियां इतिहास भी बनाती हैं रोटियों के लिये होता है खूनी जंग साजिश रची जाती है छीनी जाती है गरीबों की रोटियां कत्ले आम करा देती हैं रोटियां आशा विश्वास जगाती हैं रोटियां पेट की क्षुधा शांत करती हैं रोटियां सच में रोटी एक ताकत होती है रोटियों के सामने झुक जाती है दुनिया

उनकी बेबसी पर

उनकी बेबसी पर खिल्ली मत उड़ाना जो तुम खुद को सभ्य समझते हो यही तुम्हारी असभ्यता है मत थूकों उन पर मत लेना आनन्दरस उनकी बेबसी को अपमानित कर उनसे अपनापन दिखाना गले लगाना उनकी बेबसी पर ढाल बनना तभी सभ्य होने का गौरव प्राप्त होगा अरे पगले! दो रोटी उनको दे नहीं सकते उनका निवाला तो मत छीनों उनको बेबस कर मत बनाना अपना ताजमहल

  • मुख्य पृष्ठ : जयचन्द प्रजापति 'जय' - हिंदी कविताएँ
  • मुख्य पृष्ठ : हिन्दी कविता वेबसाइट (hindi-kavita.com)