हिन्दी कविताएँ : सुनील गज्जाणी
Hindi Poetry : Sunil Gajjani
1. शहर की गलियां
शहर की गलियां घर के बरामदों-सी शहर भी तो घर के आंगन-सा ! ये गलियां बाहें फैलायें एक-दूसरे को आलिंगन कर यूं एकाकार हो जाती है ये बरामदों-सी गलियां हर मोड़ पर खत्म नहीं होती शुरु हो जाती है बस अपना परिचय बदल । कुंज लताओं की तरह आपस में गलियां शहर का श्रंगार । कहने भर को गली परंतु जुड़ी है सभी एक-दूसरे परिवारों से खड़ी है सभी के आंगन में तुलसी की भांति कहीं आंगन में टंगे तिरपाल की तरह । करीने से सजे कतारबद्ध एक-दूसरे से पीठ मिलाएं घर जो जन्म देते हैं इन कुंज गलियों को जिनकी छते बतियाती हैं आपस में कपड़े सुखाती कभी अपनी-अपनी छतें बुहारती औरतों द्वारा । शहरी की ये कुंज गलियों जो संभाले हुए हैं अपनी विरासत ये गलियां मानो फेफड़े हैं शायद इसी वजह से ज़िंदा रहता है हर शहर ।
2. दोहराव कितने जिंदगी में
दोहराव कितने जिंदगी में पड़ाव जितने ज़िंदगी में ठहराव की बात क्या करें भटकाव इतने ज़िंदगी में घुमाव कितना तेरी बातों में बदलाव ला अपनी ज़िंदगी में सुझाव अच्छा मिला तुझ से बदलाव सुलझे ज़िंदगी में ।
3. रस्साकस्सी ज़हन में इस क़दर
रस्साकस्सी ज़हन में इस क़दर जज़्बात मेरे कितने दर-ब-दर ख़्वाहिशों में मैंने आसमां नहीं मांगा ज़मीं ख़्वाबों की इल्तज़ा इस क़ दर सर सज़दा तेरी हर चौखट किया मन्नत कहाँ क़ुबूल बता वो दर बेशुमार अश्क़ आँखों में तड़फें सुलगा दिल छोड़ ये जाएं किधर है समझौता तेरी हर रज़ा पे इश्क़ यूं इक तरफ़ा मत कर ।
4. बात बस वक़्त की है
बात बस वक़्त की है बात बस हद की है वक़्त बस बीत जाता रहती बात हद की है रुतबा है तुम्हें नसीब है जो मद के क़रीब ज़मीर रख बात कर आईने में ख़ुद झांक कर ।
5. तन होम हो गया
तन होम हो गया मन विक्षोभ हो गया तन जब तक रहे मन प्रकारांतर हो गया। भभकता शनैः-शनै तन की इस ज्वाला से मन अनियंत्रित हो उठा छल-प्रपंच धारणा से रोम-रोम जल गया तन होम हो गया। बढ़ रहे हैं पांव नित्य जन्म के विपरित है इसके बीच रच दिया अमर है जीवित है मन में बोध हो गया तन होम हो गया । तप रहा तिन नित्य गृहस्थी में बैठ कर नवरंग रच रहे स्थिति देखकर जीवन सार्थक हो गया तन होम हो गया। स्वयं की हो विवेचना जागृत हो अंतरचेतना जाग जब अंतस गया स्वयं को प्रत्यक्ष रख स्पष्ट से समक्ष रख एकाकार हो गया तन होम हो गया।
6. कुछ फोटो
कुछ फोटो खीचें जरूर जाते हैं मगर वे एल्बम से परे होते हैं जो परे होते हैं शायद वे चाह नहीं रखते एल्बम के लिए शायद खींच इसलिए जाते हैं कि इन्हीं फोटो'ज में उसके अंतस भाव उभरे हैं जो फोटोग्राफर द्वारा निर्देशित भाव भंगिमाओं से एक दम इतर है । एल्बम के फोटोज शायद इसी कारण अलग होते हैं और एल्बम में अपनी जगह नहीं बना पाते जैसे घर में रखी वे पुरानी चीज़ें जो भले ही अनुपयोगी हो मगर लगाव है इसलिए पड़ी है स्टोर में वैसे ही जैसे स्टोरेज में पड़े वे फोटो'ज ।
