Andar Ka Insaan Aur Pinjre Ka Chuha : Bindesh Kumar Jha

अंदर का इंसान और पिंजरे का चूहा : बिंदेश कुमार झा

आज का दिन बाकी दिनों से अलग होने वाला था। एक बड़ा प्रोजेक्ट था और आज उसकी प्रस्तुति थी ऑफिस में। यह कितना महत्वपूर्ण था, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि रोज़ाना मैं सुबह 7 बजे उठता हूं, लेकिन आज 5 बजे ही उठ गया। मालूम नहीं यह मेरी उत्सुकता थी या भय। भारतीय परंपरा के अनुसार स्नान के बाद मैंने ईश्वर की वंदना की।

हर बात का ध्यान रखने के बाद भी कुछ न कुछ छूट ही जाता है। रात को कपड़े प्रेस करना भूल गया। अलमारी खोली तो सच में पड़ गया कि क्या पहनूं। ऐसी मीटिंग्स में फॉर्मल कपड़े ज़्यादा असरदार लगते हैं। कुछ जोड़ी कपड़ों में से मैंने अपनी पसंदीदा शर्ट निकालनी चाही, लेकिन जो पसंद थी, वह तो गंदी निकली। बैचलर्स के घर में ऐसी समस्याएं आम होती हैं—उतनी ही आम जितनी कि परीक्षा की रात एक रात पढ़कर पास हो जाना।

काफी देर ढूंढने के बाद एक शर्ट पसंद आई जो साफ लग रही थी। उसे प्रेस करने निकला, तभी देखा कि चूहे ने उसे अपने दांतों से सील कर दिया है। मुझे दर्ज़ी का यह काम बिल्कुल पसंद नहीं आया। अब जब दरज़ी महाशय ने काम कर ही दिया है, तो पेमेंट देने से पीछे क्यों हटूं! मैंने भी पिंजरे में एक लाल टमाटर और ब्रेड का टुकड़ा पेमेंट के तौर पर रख दिया। और थोड़े गंदे कपड़े पहनकर ऑफिस चला गया।

मीटिंग में क्या हुआ, इस बारे में मत पूछो। मैं खुद कुछ नहीं बता रहा हूं, इससे तुम अंदाज़ा लगा लो कि क्या हुआ होगा। शाम को लौटा तो देखा कि चूहे ने उस टमाटर को खाने की कोशिश की थी, और लालच में पिंजरे में फंस गया था। मुझे उस पर बेहद क्रोध आया। मैंने भी उसे यूं ही पिंजरे में बंद छोड़ दिया। वह पिंजरे में खूब उछल-कूद कर रहा था। शायद भूल गया था कि पिंजरा उतना ही मज़बूत है, जितनी कि एक ग़रीब आदमी की आशाएं।

शाम का समय था, घर में दीपक जलाने का विचार आया। ईश्वर के समक्ष दीपक जला रहा था और राम की स्तुति कर रहा था। स्तुति करते-करते ख्याल आया कि चूहा कितना सौभाग्यशाली है, उसे ईश्वर का भजन सुनने का अवसर मिल रहा है। चूहा पिंजरे में जोर से उठा-पटक कर रहा था। मैंने कहा, “भाई, रुक जा, पिंजरा नोकिला है, लहूलुहान हो जाएगा।” चूहा इतना प्रयास कर रहा था जितना कि परीक्षा हॉल में बैठा बच्चा, जो पढ़कर कुछ नहीं आया, पास होने के लिए एक-एक नंबर के लिए करता है। उसके इस संघर्ष ने मेरे मन में कई सवाल खड़े कर दिए।

मैं और ज़ोर से राम की भक्ति करने लगा। तभी पूजा करते समय मन में सवाल उठा—क्या ईश्वर मेरी पूजा स्वीकार करेगा?

मेरे सामने एक छोटा सा चूहा है, जिसे इस संसार का कोई ज्ञान नहीं। वह पिंजरे में बंद तड़प रहा है। शायद उसे अपने जीवन के अंत का भय हो। और यहां, मेरे कारण कोई इस दशा में जी रहा है। ऐसे में क्या भगवान मेरी पूजा स्वीकार करेगा?

मेरा मन संकुचित होने लगा इस विचार से। मैंने तुरंत पूजा समाप्त की। पिंजरे को उठाया और किसी एकांत स्थान पर जाकर चूहे को रिहा कर दिया। शाम को जब दफ्तर से लौटा था तो मूड बहुत खराब था, लेकिन अब ऐसा लग रहा है जैसे कोई अनमोल चीज़ मिल गई हो। ऐसी प्रसन्नता शायद किसी और चीज़ से नहीं मिल सकती। मुझे मेरी ‘पेमेंट’ मिल गई और चूहे को उसकी। कल फिर मीटिंग है, पूरी कोशिश करूंगा कि चूहे को दर्ज़ी का काम न मिले और मुझे ऑफिस में बॉस के ताने।